एक तिनका
अयोध्यासिंह उपाध्याय हरिऔध
मैं घमण्डों में भरा ऐंठा हुआ ।
एक दिन जब था मुण्डेरे पर खड़ा ।
आ अचानक दूर से उड़ता हुआ ।
एक तिनका आँख में मेरी पड़ा
मैं झिझक उठा, हुआ बेचैन-सा ।
लाल होकर आँख भी दुखने लगी ।
मूँठ देने लोग कपड़े की लगे ।
ऐंठ बेचारी दबे पाँवों भगी
जब किसी ढब से निकल तिनका गया ।
तब ‘समझ’ ने यों मुझे ताने दिए ।
ऐंठता तू किसलिए इतना रहा ।
एक तिनका है बहुत तेरे लिए
“एक तिनका” कविता का सारांश :-
अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ द्वारा रचित शीर्षक “एक तिनका” एक प्रेरणा देने वाली तथा शिक्षा प्रदान करने वाली कविता है। “एक तिनका” कविता में कवि ने अहंकार के दुष्परिणाम और विनम्रता के महत्व को अत्यंत सटीक एवं प्रभावशाली रूप में पाठकों के समक्ष प्रस्तुत किया है। कविता “एक तिनका” का मुख्य संदेश यह है कि मनुष्य को कभी भी अहंकार नहीं करना चाहिए, क्योंकि सूक्ष्म से सूक्ष्म वस्तु भी उसके अहंकार को तोड़ सकती है।
“एक तिनका” कविता में कवि स्वयं को इस कविता का पात्र के रूप में प्रस्तुत कर बताते हैं कि एक दिन वे घमण्ड से भरे हुए मुँडेर पर खड़े थे। उनके मन में अहंकार और ईर्ष्या थी। तभी यकायक हवा में उड़ता हुआ एक छोटा-सा तिनका उनकी आँख में आ गिरा। तिनका बहुत छोटा और सामान्य था, लेकिन कवि के आंख में जाते ही उसके कवि को बेचैन कर दिया। उनकी आँख लाल हो गई और दर्द होने लगा। वे असहाय महसूस करने लगे। आसपास के लोग ने उनकी सहायता करने के लिए कपड़े की सहायता से आँख से तिनका निकालने का प्रयास किया।
इस घटना के कारण कवि का सारा घमण्ड समाप्त हो गया। जो व्यक्ति पहले अहंकार से भरा हुआ था, वही अब एक छोटे-से तिनके के कारण परेशान और असहाय हो गया। अंततः जब किसी प्रकार जब वह तिनका आँख से निकल गया, तब कवि की “समझ” ने उनपर व्यंग कसते हुए कहा कि जब एक छोटा-सा तिनका तुम्हें इतना कष्ट दे सकता है, तो फिर तुम्हें इतना अहंकार किस बात का था।
कवि इस छोटी-सी घटना के माध्यम से बहुत बड़ा जीवन-सत्य समझाते हैं। संसार में कोई भी वस्तु या व्यक्ति छोटा नहीं होता। कभी-कभी छोटी-सी वस्तु भी मनुष्य को बड़ा सबक सिखा सकती है। अहंकार मनुष्य की सबसे बड़ी कमजोरी है, जबकि विनम्रता और सहनशीलता उसे महान बनाती है। इसलिए मनुष्य को सदैव विनम्र, सरल और दूसरों का सम्मान करने वाला होना चाहिए।
इस प्रकार “एक तिनका” कविता हमें यह शिक्षा देती है कि घमण्ड मनुष्य को पतन की ओर ले जाता है और विनम्रता ही व्यक्ति के जीवन में सच्चे मूल्यों का विकास करता है।
“एक तिनका” कविता की विशेषताएँ:-
शिक्षाप्रद कविता: “एक तिनका” कविता हमें हमारे अहंकार को छोड़कर विनम्रता के साथ जीने की शिक्षा देती है। कवि ने छोटी-सी घटना का उदाहरण दे कर जीवन के महत्वपूर्ण मूल्य उपदेश दिया है।
सरल एवं सहज भाषा: “एक तिनका” कविता की भाषा अत्यंत सरल, सहज और बोलचाल की सामान्य भाषा है, जिससे इसका अर्थ समझना पाठकों के लिए अत्यंत सरल है।
प्रभावशाली शैली: कवि के द्वारा आत्मकथा की शैली का प्रयोग किया गया है। कविता को पढ़कर ऐसा लगता है मानो कवि स्वयं अपनी आपबीती का वर्णन कर रहे हो , जिससे कविता और अधिक जीवंत और प्रभावशाली बन जाती है।
गहरी जीवन-दृष्टि: “एक तिनका” कविता में यह बताया गया है कि छोटी-सी वस्तु भी मनुष्य के अहंकार को तोड़ में सक्षम होती है। इससे जीवन का गहरा सत्य प्रकट होता है।
मानवीकरण अलंकार का प्रयोग: कविता में “समझ” को मानव की भांति बोलते हुए प्रस्तुत किया गया है —
“तब ‘समझ’ ने यों मुझे ताने दिए”
यहाँ मानवीकरण अलंकार है।
भावों को स्वाभाविक रूप से प्रकट करना: कवि ने घमण्ड, पीड़ा, बेचैनी और पश्चाताप जैसे भावों को बहुत स्वाभाविक रूप में व्यक्त किया है।
प्रतीकात्मकता: “एक तिनका” यहाँ केवल घास का छोटा टुकड़ा नहीं है, अपितु वह छोटी-सी समस्या या साधारण वस्तु का प्रतीक है, जो बड़े से बड़े व्यक्ति के घमंड को भी चूर कर सकती है।
नैतिक संदेश: “एक तिनका” कविता का मुख्य संदेश यह है कि मनुष्य को कभी भी अपनी परिस्थिति पर घमंड नहीं करना चाहिए तथा सदैव विनम्रता दिखानी चाहिए।
अयोध्यसिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ जी द्वारा लिखित कविता “एक तिनका” जैसी और कविताओं को पढ़ने के लिए हमारे स्पेशल कैटेगरी अयोध्यसिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ को देखे। अगर आप हमारे द्वारा लिखे गए इस तरह के आर्टिकल्स में सहयोग देना चाहते है तो हमारे व्हाट्सएप चैनल को ज्वाइन कर के हमारे साथ जुड़िए। किसी भी प्रकार के सहयोग, प्रश्न अथवा सुझाव के लिए हमारे साथ व्हाट्सएप चैनल के माध्यम से हमसे जुड़े। धन्यवाद!
