बड़े घर की बेटी
बेनीमाधव सिंह गौरीपुर गांव के जमींदार और नम्बरदार थे। उनके पितामह किसी समय बड़े धन-धान्य संपन्न थे। गांव का पक्का तालाब और मंदिर जिनकी अब मरम्मत भी मुश्किल थी, उन्हीं के कीर्ति – स्तंभ थे। कहते हैं, इस दरवाजे पर हाथी झूमता था, अब उसकी जगह एक बूढ़ी भैंस थी, जिसके शरीर में अस्थि – पंजर के सिवा और कुछ न रहा था; पर दूध शायद बहुत देती थी; क्योंकि एक न एक आदमी हांड़ी लिये उसके सिर पर सवार ही रहता था। बेनीमाधव सिंह अपनी आधी से अधिक संपत्ति वकीलों को भेंट कर चुके थे। उनकी वर्तमान आय एक हजार रुपये वार्षिक से अधिक न थी। ठाकुर साहब के दो बेटे थे। बड़े का नाम श्रीकंठ सिंह था। उसने बहुत दिनों के परिश्रम और उद्योग के बाद बी०ए० की डिग्री प्राप्त की थी। अब एक दफ्तर में नौकर था। छोटा लड़का लालबिहारी सिंह दोहरे बदन का, सजीला जवान था। भरा हुआ मुखड़ा, चौड़ी छाती। भैंस का दो सेर ताजा दूध वह उठ कर सवेरे पी जाता था। श्रीकंठ सिंह की दशा बिल्कुल विपरीत थी। इन नेत्रप्रिय गुणों को उन्होंने बी०ए० – इन्हीं दो अक्षरों पर न्योछावर कर दिया था। इन दो अक्षरों ने उनके शरीर को निर्बल और चेहरे को कांतिहीन बना दिया था। इसी से वैद्यक ग्रंथों पर उनका विशेष प्रेम था। आयुर्वेदिक औषधियों पर उनका अधिक विश्वास था! शाम – सवेरे उनके कमरे से प्रायः खरल की सुरीली कर्णमधुर ध्वनि सुनायी दिया करती थी। लाहौर और कलकत्ते के वैद्यों से बड़ी लिखा – पढ़ी रहती थी।
श्रीकंठ इस अंग्रेजी डिग्री के अधिपति होने पर भी अंग्रेजी सामाजिक प्रथाओं के विशेष प्रेमी न थे; बल्कि वह बहुधा बड़े जोर से उसकी निंदा और तिरस्कार किया करते थे। इसी से गांव में उनका बड़ा सम्मान था। दशहरे के दिनों में वह बड़े उत्साह से रामलीला में सम्मिलित होते और स्वयं किसी न किसी पात्र का पार्ट लेते थे। गौरीपुर में रामलीला के वही जन्मदाता थे। प्राचीन हिन्दू सभ्यता का गुणगान उनकी धार्मिकता का प्रधान अंग था। सम्मिलित कुटुम्ब के तो वह एक मात्र उपासक थे। आजकल स्त्रियों को कुटुम्ब में मिल – जुल कर रहने की जो अरुचि होती है, उसे वह जाति और देश दोनों के लिए हानिकारक समझते थे। यही कारण था कि गांव की ललनाएं उनकी निंदक थीं। कोई-कोई तो उन्हें अपना शत्रु समझने में भी संकोच न करती थीं। स्वयं उनकी पत्नी को ही इस विषय में उनसे विरोध था। यह इसलिए नहीं कि उसे अपने सास-ससुर, देवर या जेठ आदि से घृणा थी; बल्कि उसका विचार था कि यदि बहुत कुछ सहने और तरह देने पर भी परिवार के साथ निर्वाह न हो सके, तो आये दिन की कलह से जीवन को नष्ट करने की अपेक्षा यही उत्तम है कि अपनी खिचड़ी अलग पकायी जाय।
आनंदी एक बड़े उच्च कुल की लड़की थी। उसके बाप एक छोटी – सी रियासत के ताल्लुकेदार थे। विशाल भवन, एक हाथी, तीन कुत्ते, बाज, बहरी-शिकरे, झाड़ – फानूस, आनरेरी मजिस्ट्रेटी और ऋण, जो एक प्रतिष्ठित ताल्लुकेदार के भोग्य पदार्थ हैं सभी यहां विद्यमान थे। नाम था भूपसिंह। बड़े उदार – चित्त और प्रतिभाशाली पुरुष थे; पर दुर्भाग्य से लड़का एक भी न था। सात लड़कियां हुईं और दैवयोग से सब की सब जीवित रहीं। पहली उमंग में तो उन्होंने तीन ब्याह दिल खोल कर किये; पर पंद्रह – बीस हजार रुपयों का कर्ज सिर पर हो गया, तो आंखें खुलीं, हाथ समेट लिया। आनंदी चौथी लड़की थी। वह अपनी सब बहनों से अधिक रूपवती और गुणवती थी। इससे ठाकुर भूपसिंह उसे बहुत प्यार करते थे। सुन्दर संतान को कदाचित् उसके माता – पिता भी अधिक चाहते हैं। ठाकुर साहब बड़े धर्म – संकट में थे कि इसका विवाह कहां करें ? न तो यही चाहते थे कि ऋण का बोझ बढ़े और न यही स्वीकार था कि उसे अपने को भाग्यहीन समझना पड़े। एक दिन श्रीकंठ उनके पास किसी चंदे का रुपया मांगने आये। शायद नागरी प्रचार का चंदा था। भूपसिंह उनके स्वभाव पर रीझ गये और धूमधाम से श्रीकंठ सिंह का आनंदी के साथ ब्याह हो गय ।
आनंदी अपने नये घर में आयी, तो यहां का रंग – ढंग कुछ और ही देखा। जिस टीम – टाम की उसे बचपन से ही आदत पड़ी हुई थी, वह यहां नाम मात्र को भी न थी। हाथी – घोड़ों का तो कहना ही क्या, कोई सजी हुई सुंदर बहली तक न थी। रेशमी स्लीपर साथ लायी थी; पर यहां बाग कहां। मकान में खिड़कियां तक न थीं, न जमीन पर फर्श, न दीवार पर तस्वीरें। यह एक सीधा – सादा देहाती गृहस्थ का मकान था; किन्तु आनंदी ने थोड़े ही दिनों में अपने को इस नयी अवस्था में ऐसा अनुकूल बना लिया, मानो उसने विलास के सामान कभी देखे ही न थे।
एक दिन दोपहर के समय लालबिहारी सिंह दो चिड़िया लिये हुए आया और भावज से बोला – जल्दी से पका दो, मुझे भूख लगी है। आनंदी भोजन बना कर उसकी राह देख रही थी। अब वह नया व्यंजन बनाने बैठी। हांडी में देखा, तो घी पाव भर से अधिक न था। बड़े घर की बेटी, किफायत क्या जाने। उसने सब घी मांस में डाल दिया। लालबिहारी खाने बैठा, तो दाल में घी न था, बोला – दाल में घी क्यों नहीं छोड़ा ?
आनंदी ने कहा – घी सब मांस में पड़ गया। लालबिहारी जोर से बोला – अभी परसों घी आया है। इतना जल्द उठ गया ?आनंदी ने उत्तर दिया – आज तो कुल पाव भर रहा होगा। वह सब मैंने मांस में डाल दिया।
जिस तरह सूखी लकड़ी जल्दी से जल उठती है उसी तरह क्षुधा से बावला मनुष्य जरा – जरा सी बात पर तिनक जाता है। लालबिहारी को भावज की यह ढिठाई बहुत बुरी मालूम हुई, तिनक कर बोला – मैके में तो चाहे घी की नदी बहती हो!
स्त्री गालियां सह लेती है, मार भी सह लेती है; पर मैके की निंदा उनसे नहीं सही जाती। आनंदी मुंह फेर कर बोली – हाथी मरा भी, तो नौ लाख का। वहां इतना घी नित्य नाई – कहार खा जाते हैं।

आनंदी को भी क्रोध आ गया। मुंह लाल हो गया, बोली – वह होते तो आज इसका मजा चखाते।
अब अपढ़ उजड्ड ठाकुर से न रहा गया। उसकी स्त्री एक साधारण जमींदार की बेटी थी। जब जी चाहता, उस पर हाथ साफ कर लिया करता था। खड़ाऊं उठाकर आनंदी की ओर जोर से फेंकी, और बोला – जिसके गुमान पर भूली हुई हो, उसे भी देखूंगा और तुम्हें भी। आनंदी ने हाथ से खड़ाऊं रोकी, सिर बच गया; पर उंगली में बड़ी चोट आयी। क्रोध के मारे हवा में हिलते पत्ते की भांति कांपती हुई अपने कमरे में आकर खड़ी हो गयी। स्त्री का बल और साहस, मान और मर्यादा पति तक है। उसे अपने पति के ही बल और पुरुषत्व का घमंड होता है। आनंदी खून का घूंट पी कर रह गयी।
बेनीमाधव सिंह ने बेटे की ओर से साक्षी दी हां, बहू-बेटियों का यह स्वभाव अच्छा नहीं कि मर्दों के मुंह लगें।
आनंदी की त्योरियों पर बल पड़ गये, झुंझलाहट के मारे बदन में ज्वाला सी दहक उठी। बोली – जिसने तुमसे यह आग लगायी है, उसे पाऊं, मुंह झुलस दूं।
श्रीकंठ की आंखें लाल हो गयीं। बोले- यहां तक हो गया, इस छोकरे का यह साहस।
आनंदी स्त्रियों के स्वभावानुसार रोने लगी; क्योंकि आंसू उनकी पलकों पर रहते हैं। श्रीकंठ बड़े धैर्यवान् और शांत पुरुष थे। उन्हें कदाचित् ही कभी क्रोध आता था; स्त्रियों के आंसू पुरुष की क्रोधाग्नि भड़काने में तेल का काम देते हैं। रात भर करवटें बदलते रहे। उद्विग्नता के कारण पाक तक नहीं झपकी। प्रातःकाल अपने बाप के पास जाकर बोले – दादा, अब इस घर में मेरा निबाह न होगा।
इस तरह की विद्रोह-पूर्ण बातें कहने पर श्रीकंठ ने कितनी ही बार अपने कई मित्रों को आड़े हाथों लिया था; परन्तु दुर्भाग्य, आज उन्हें स्वयं वे ही बातें अपने मुंह से कहनी पड़ीं। दूसरों को उपदेश देना भी कितना सहज है।
बेनीमाधव सिंह घबरा उठे और बोले – क्यों ?
बेनीमाधव सिंह कुछ जवाब न दे सके। श्रीकंठ सदैव उनका आदर करते थे। उनके ऐसे तेवर देखकर एक बूढ़ा ठाकुर अवाक् रह गया। केवल इतना ही बोला – बेटा, तुम बुद्धिमान हो कर ऐसी बातें करते हो? स्त्रियां इस तरह घर का नाश कर देती हैं। उनको बहुत बहुत सिर चढ़ाना अच्छा नहीं।
अब बेनीमाधव सिंह भी गरमाये। ऐसी बातें और न सुन सके। बोले – लालबिहारी तुम्हारा भाई है। उससे जब कभी भूल चूक हो, उसके कान पकड़ो लेकिन….।
बेनीमाधव सिंह-स्त्री के पीछ?
दोनों कुछ देर चुप रहे। ठाकुर साहब लड़के का क्रोध शांत करना चाहते थे, लेकिन यह नहीं स्वीकार करना चाहते थे कि लालबिहारी ने कोई अनुचित काम किया है। इसी बीच में गांव के और कई सज्जन हुक्के चिलम के बहाने वहां आ बैठे। कई स्त्रियों ने जब यह सुना कि श्रीकंठ पत्नी के पीछे पिता से लड़ने को तैयार हैं, तो उन्हें बड़ा हर्ष हुआ। दोनों पक्षों की मधुर वाणियां सुनने के लिए उनकी आत्माएं तिलमिलाने लगीं। गांव में कुछ ऐसे कुटिल मनुष्य भी थे, जो इस कुल की नीतिपूर्ण गति पर मन ही मन जलते थे। वह कहा करते थे – श्रीकंठ अपने बाप से दबता है, इसलिए वह दब्बू है। उसने विद्या पढ़ी, इसलिए वह किताबों का कीड़ा है। बेनीमाधव सिंह उसकी सलाह के बिना कोई काम नहीं करते, यह उनकी मूर्खता है। इन महानुभावों की शुभकामनाएं आज पूरी होती दिखायी दीं। कोई हुक्का पीने के बहाने और कोई लगान की रसीद दिखाने आ कर बैठ गया। बेनीमाधव सिंह पुराने आदमी थे। इन भावों को ताड़ गये। उन्होंने निश्चय किया चाहे कुछ क्यों न हो, इन द्रोहियों को ताली बजाने का अवसर न दूंगा। तुरन्त कोमल शब्दों में बोले – बेटा, मैं तुमसे बाहर नहीं हूं। तुम्हारा जो जी चाहे करो, अब तो लड़के से अपराध हो गया।
बेनीमाधव – बेटा, बुद्धिमान लोग मूखाँ की बात पर ध्यान नहीं देते। वह बेसमझ लड़का है। उससे जो कुछ भूल हुई, उसे तुम बड़े हो कर क्षमा करो।
श्रीकंठ – उसकी इस दुष्टता को में कदापि नहीं सह सकता। या तो वही घर में रहेगा, या मैं ही। आपको यदि वह अधिक प्यारा है, तो मुझे विदा कीजिए, मैं अपना भार आप संभाल लूंगा। यदि मुझे रखना चाहते हैं तो उससे कहिए, जहां चाहे चला जाये। बस यह मेरा अंतिम निश्चय है ।
लालबिहारी सिंह दरवाजे की चौखट पर चुपचाप खड़ा बड़े भाई की बातें सुन रहा था। वह उनका बहुत आदर करता था। उसे कभी इतना साहस न हुआ था कि श्रीकंठ के सामने चारपाई पर बैठ जाय, हुक्का पी ले या पान खा ले। बाप का भी वह इतना मान न करता था।श्रीकंठ का भी उस पर हार्दिक स्नेह था। अपने होश में उन्होंने कभी उसे घुड़का तक न था। जब वह इलाहाबाद से आते, तो उसके लिए कोई न कोई वस्तु अवश्य लाते। मुगदर की जोड़ी उन्होंने ही बनवा दी थी। पिछले साल जब उसने अपने से ड्यौड़े जवान को नागपंचमी के दिन दंगल में पछाड़ दिया, तो उन्होंने पुलकित होकर अखाड़े में ही जाकर उसे गले से लगा लिया था, पांच रुपये के पैसे लुटाये थे। ऐसे भाई के मुंह से आज ऐसी हृदय – विदारक बात सुन कर लालबिहारी को बड़ी ग्लानि हुई। वह फूट – फूट कर रोने लगा। इसमें संदेह नहीं कि अपने किये पर पछता रहा था। भाई के आने से एक दिन पहले से उसकी छाती धड़कती थी कि देखूं भैया क्या कहते हैं। मैं उनके सम्मुख कैसे जाऊंगा, उनसे कैसे बोलूंगा, मेरी आंखें उनके सामने कैसे उठेंगी। उसने समझा था कि भैया मुझे बुला कर समझा देंगे ।इस आशा के विपरीत आज उसने उन्हें निर्दयता की मूर्ति बने हुए पाया। वह मूर्ख था। परन्तु उसका मन कहता था कि भैया मेरे साथ अन्याय कर रहे हैं। यदि श्रीकंठ उसे अकेले में बुला कर दो – चार बातें कह देते: इतना ही नहीं दो – चार तमाचे भी लगा देते तो कदाचित् उसे इतना दुःख न होता; पर भाई का यह कहना कि अब मैं इसकी सूरत नहीं देखना चाहता, लालबिहारी से सहा न गया। वह रोता हुआ घर आया। कोठरी में जा कर कपड़े पहने, आंखें पोंछी, जिससे कोई यह न समझे कि रोता था। तब आनंदी के द्वार पर आकर बोला – भाभी, भैया ने निश्चय किया है कि वह मेरे साथ इस घर में न रहेंगे। अब वह मेरा मुंह नहीं देखना चाहते; इसलिए अब मैं जाता हूं। उन्हें फिर मुंह न दिखाऊंगा! मुझसे जो कुछ अपराध हुआ, उसे क्षमा करना।
यह कहते – कहते लालबिहारी का गला भर गया।

आनंदी ने लालबिहारी की शिकायत तो की थी, लेकिन अब मन में पछता रही थी।वह स्वभाव से ही दयावती थी। उसे इसका तनिक भी ध्यान न था कि बात इतनी बढ़ जायगी। वह मन में अपने पति पर झुंझला रही थी कि यह इतने गरम क्यों होते हैं। उस पर यह भय भी लगा हुआ था कि कहीं मुझसे इलाहाबाद चलने को कहें, तो कैसे क्या करूंगी। इस बीच में जब उसने लालबिहारी को दरवाजे पर खड़े यह कहते सुना कि अब मैं जाता हूं, मुझसे जो कुछ अपराध हुआ, क्षमा करना, तो उसका रहा-सहा क्रोध भी पानी हो गया। वह रोने लगी। मन का मैल धोने के लिए नयन – जल से उपयुक्त और कोई वस्तु नहीं है।
लालबिहारी इतना कह कर लौट पड़ा, और शीघ्रता से दरवाजे की ओर बढ़ा। अंत में आनंदी कमरे से निकली और हाथ पकड़ लिया। लालबिहारी ने पीछे फिर कर देखा और आंखों में आंसू भरे बोला – मुझे जाने दो।
अब श्रीकंठ का हृदय भी पिघला। उन्होंने बाहर आकर लालबिहारी को गले लगा लिया। दोनों भाई खूब फूट – फूटकर रोये। लालबिहारी ने सिसकते हुए कहा – भैया, अब कभी मत कहना कि तुम्हारा मुंह न देखूंगा। इसके सिवा आप जो दंड देंगे, मैं सहर्ष स्वीकार करूंगा।
बेनीमाधव सिंह बाहर से आ रहे थे। दोनों भाइयों को गले मिलते देख कर आनंद से पुलकित हो गये। बोल उठे – बड़े घर की बेटियां ऐसी ही होती हैं। बिगड़ता हुआ काम बना लेती हैं।
गांव में जिसने वृत्तांत सुना, उसी ने इन शब्दों में आनंदी की उदारता को सराहा – ‘बड़े घर की बेटियां ऐसी ही होती हैं।’
प्रेमचंद जी द्वारा रचित “बड़े घर की बेटी” जैसी और कहानियों को पढ़ने के लिए हमारे स्पेशल कैटेगरी प्रेमचंद को देखे। अगर आप हमारे द्वारा लिखे गए इस तरह के आर्टिकल्स में सहयोग कोई सहयोग देना चाहते है तो हमारे व्हाट्सएप चैनल को ज्वाइन कर के हमारे साथ जुड़िए।
